आर्या न्यूज़ डेस्क | बाराबंकी
बाराबंकी से एक बड़ी ख़बर सामने आई है। यहाँ एक भीषण सड़क हादसे में 18 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हरियाणा से बिहार जा रही डबल डेकर बस का एक्सल टूटने पर वह बाराबंकी में अयोध्या सीमा पर कल्याणी नदी के पुल पर खराब हो गई। तेज बारिश के कारण बस को किनारे खड़ी करके चालक और परिचालक उसकी मरम्मत करवा रहे थे। तभी इसी बीच रामसनेही घाट थाना क्षेत्र में लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। यह हादसा मंगलवार की देर रात करीब डेढ़ बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अधिकांश की मौत मौके पर ही हो गई।
लखनऊ जोन के एडीजी सत्य नारायण सबत ने बताया कि बाराबंकी में राम सनेही घाट के पास बीती देर रात एक ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई है जबकि 19 घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस के नीचे फंसे शवों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
इस घटना में कुल 18 लोगो की मौत हुई है। मृतकों में सुरेश यादव, इंदल महतो, सिकंदर मुखिया, मोनू साहनी, जगदीश साहनी, जय बहादुर साहनी, बैजनाथ राम, बलराम की अभी तक शिनाख्त हो सकी है। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर पांच किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। तेज बारिश के कारण पुलिस को भी करीब आधे घंटे बाद घटना की जानकारी मिल सकी।





No comments:
Post a Comment
Thanks 4 your comment