Showing posts with label Gaya. Show all posts
Showing posts with label Gaya. Show all posts
Saturday, March 13, 2021
बिहार के गया में आज एक निजी अस्पताल में गर्भवती महिला के मौत के बाद परिजनों ने खूब हंगामा किया। दरअसल गया के एक प्राइवेट क्लिनिक में डिलीवरी के दौरान महिला की ऑपरेशन टेबल पर ही मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने क्लिनिक में खूब बवाल किया साथ ही डॉक्टर सहित कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। मृतका की पहचान बांके बाजार प्रखंड के ढेउरी गांव निवासी सुरंजन यादव की 26 वर्षीय पत्नी नीलम देवी के रूप में की गई है।
बताया जा रहा है कि मृतिका नीलम देवी को प्रसव पीड़ा होने के पश्चात परिजनों ने शेरघाटी शहर के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया था। जहां डॉक्टर ने उनकी सिजेरियन ऑपरेशन की बात कही थी। परिजन इसके लिए तैयार हो गए। ऑपरेशन की सारी तैयारी भी कर ली गई थी।
इसके बाद महिला को ऑपरेशन टेबल पर ले जाया गया। इसके बाद उसे इंजेक्शन लगाया गया। जैसे ही इंजेक्शन लगाया गया महिला की मौत हो गई। इसके बाद ही परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। इधर, घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टर, नर्स और अस्पताल कर्मी फरार हैं।
परिजनों के अनुसार, महिला को गलत सुई लगाई गई जिस वजह से उसकी मौत हो गई। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, अस्पताल परिसर में स्थित दवा की दुकान को सील कर दिया है. थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल गया भेज दिया गया है।




