हैदराबाद टेस्ट:आखिरी सेशन भारत के नाम रहा, दूसरे दिन स्टंप तक स्कोर 308/4
13 Oct. 2018 17:09
वेस्टइंडीज टीम ने दूसरे टेस्ट के पहले दिन 7 विकेट के नुकसान पर 295 रन बनाए।
हैदराबाद टेस्ट के दूसरे दिन अजिंक्य रहाणे और रिषभ पंत की 146 रनों की साझेदारी की मदद से भारत ने 4 विकेट खोकर 308 रन जोड़े हैं। टीम इंडिया वेस्टइंडीज के केवल 3 रन पीछे है। स्टंप तक रहाणे 75 और पंत 85 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं। दूसरे दिन वेस्टइंडीज की ओर से कप्तान जेसन होल्डर ने दो विकेट झटके। शेनन गेब्रियल और जोमल वॉरिकन ने एक-एक विकेट लिया।
चाय के बाद अजिंक्य रहाणे और रिषभ पंत ने मिलकर भारतीय पारी को संभाला। दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर शानदार शतकीय साझेदारी बनाई। इसी बीच दोनों बल्लेबाजों ने अपने अपने अर्धशतक पूरे किए। देवेंद्र बिशू के 64वें ओवर की तीसरी गेंद पर एक रन के साथ रहाणे ने अर्धशतक पूरा किया और अगली ही गेंद पर दो रन लेकर पंत भी 50 के आंकड़े तक पहुंचे। पंत और रहाणे ने एक-दो रन के साथ चौके-छक्कों भी लगाए और भारत का स्कोर 300 के पार पहुंचाया।
चाय तक का खेल।
लंच के बाद दूसरे सेशन की शुरुआत में भारतीय टीम ने दो बड़े विकेट गिरा दिए। 19वें ओवर में जोमल वॉरिकन ने अर्धशतक बना चुके शॉ को कैच आउट कराया। शॉ 70 रन बनाकर पवेलियन लौटे और कप्तान विराट कोहली क्रीज पर आए। वहीं अगले ही ओवर में चेतेश्वर पुजारा भी शेनन गेब्रियल की आखिरी गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। भारत ने 20 ओवर तक 102 रन पर तीन अहम विकेट गंवा दिए।
43वें ओवर में विंडीज कप्तान जेसन होल्डर ने भारतीय टीम का सबसे अहम विकेट निकाला। होल्डर ने ओवर की पांचवीं गेंद पर कोहली को चकमा देकर एलबीडबल्यू आउट किया। भारतीय कप्तान ने डीआरएस की मदद ली लेकिन फैसला वेस्टइंडीज के पक्ष में ही रहा। दूसरा सेशन विंडीज टीम ने अपने नाम किया।
लंच तक का खेल।
पृथ्वी शॉ की 52 रनों की पारी की मदद से भारतीय टीम ने हैदराबाद टेस्ट के दूसरे दिन लंच तक एक विकेट के नुकसान पर 80 रन जोड़ लिए हैं। दिन का पहला सेशन भारत के नाम रहा। उमेश यादव की शानदार गेंदबाजी की मदद से वेस्टइंडीज को 311 पर समेटने के बाद भारत लंच तक केवल केएल राहुल (4) का ही विकेट खोया है। शॉ और पुजारा 19 रनों की साझेदारी बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
वेस्टइंडीज की पहली पारी 311 पर समेटने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को पहला झटका जल्दी लगा। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल एक बार फिर फ्लॉप रहे और केवल चार रन बनाकर कप्तान जेसन होल्डर की गेंद पर बोल्ड हुए।
वहीं युवा पृथ्वी शॉ ने दूसरे छोर पर शानदार बल्लेबाजी जारी रखी। शॉ ने 39 गेंदो पर अर्धशतक जड़ा। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए चेतेश्वर पुजारा की शुरुआत भी अच्छी रही। लंच तक दोनों खिलाड़ियों ने 16 ओवर में एक विकेट खोकर 80 रन जोड़े।
वेस्टइंडीज की पहली पारी।
भारत की ओर से दिन के अटैक की शुरुआत उमेश यादव ने और पहले ही ओवर में टीम को सफलता दिलाई। उमेश ने 96वें ओवर की आखिरी गेंद पर देवेंद्र बिशू को बोल्ड कर विंडीज टीम को आठवां झटका दिया। वहीं दूसरे छोर पर रोस्टन चेज ने अपना शतक पूरा किया।
यादव ने 102वें ओवर में शतक लगा चुके रोस्टन चेज को आउट कर भारत को सबसे बड़ी सफलता दिलाई। सेट होकर खेल रहे चेज उमेश की अंदर आती फुल लेंथ गेंद पर चकमा खा गए। गेंद ने बल्ले और पैड के बीच के गैप को ढूंढ लिया और सीझा विकेट पर जा लगी। चेज 106 रनों की शानदार पारी खेलकर पवेलियन लौटे। इस विकेट के साथ यादव ने अपना पांच विकेट हॉल पूरा किया।
अगली गेंद पर नए बल्लेबाज शेनन गेब्रियल को शून्य पर आउट कर यादव ने अपने टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्छ प्रदर्शन (6/88) दर्ज किया। गेब्रियल के विकेट के साथ विंडीज टीम की पहली 311 पर सिमट गई।
हैदराबाद टेस्ट के पहले दिन वेस्टइंडीज टीम ने रोस्टन चेज ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। चेज ने 174 गेंदो पर 98 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली और टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 7 विकेट पर 295 रन जोड़े। चेज के साथ कप्तान जेसन होल्डर ने भी अर्धशतकीय पारी खेली।
हालांकि दिन का खेल पूरे होने से पहले होल्डर 52 रन पर आउट हो गए। स्टंप तक देवेंद्र बिशू चेज के साथ क्रीज पर टिके हुए थे। पहले दिन भारतीय टीम के तेज गेंदबाज उमेश यादव ने बेहतरीन गेंदबाजी की और तीन बड़े विकेट निकाले। साथ ही स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव को भी तीन विकेट मिले।
हालांकि टीम की सीनियर स्पिन जोड़ी अश्विन और जडेजा को खास सफलता नहीं मिली। लेकिन उम्मीद है कि दूसरे दिन ये दोनों ही गेंदबाज विंडीज टीम के निचले क्रम को 350 के आंकड़े तक पहुंचने से पहले समेट देंगे। कप्तान विराट कोहली के लिए रोस्टन चेज का विकेट हासिल करना आज के दिन के खेल की सबसे बड़ी चुनौती होगी।
Source: CricketCountry






