6 Jan. 2019
शुरुआत दक्षिण भारत से करें तो, अंडमान के पास पहुंचा चक्रवाती तूफान पाबुक अब कमज़ोर होकर डीप डिप्रेशन बन गया है और इस वक़्त बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य भागों पर है। यह सिस्टम उत्तर पूर्वी दिशा में आगे बढ़ेगा, जिसके कारण अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह पर तेज़ हवाओं के साथ मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। साथ ही तटीय तमिलनाडु पर भी हल्की वर्षा हो सकती है। दक्षिण भारत के बाकी भागों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
उत्तर भारत में बना पश्चिमी विक्षोभ अब पूर्वी जम्मू कश्मीर के पास पहुँच गया है। इसके चलते जम्मू कश्मीर के पूर्वी हिस्सों के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में वर्षा हो सकती है। इस बीच उत्तर पश्चिमी मैदानी इलाकों पर ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएँ चलेंगी जिससे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के तापमान में गिरावट आएगी। इन भागों में मध्यम से घना कोहरा भी छाने की उम्मीद है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत का रुख करें तो पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है जो उत्तरी उत्तर प्रदेश, बिहार, और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में हल्की बारिश दे सकता है। यहाँ मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा। दूसरी ओर, पूर्वी बांग्लादेश पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है जिसके चलते, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में बारिश की उम्मीद है।
मध्य भारत में ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएँ चलेंगी जिससे एक बार फिर से तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू होगा। हालांकि यहाँ साफ आसमान के साथ शुष्क मौसम बना रहेगा।
source: skymet weather
No comments:
Post a Comment
Thanks 4 your comment